मंडी समिति में दुकान आवंटन के लिए प्रदर्शन
रायबरेली। सलोन मंडी समिति में दुकानें आवंटित किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की अगुवाई में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर दुकानें आवंटित किए जाने की मांग की।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि दुकानें मिल जाने से व्यापारियों को आसानी होगी। सलोन अध्यक्ष मो. सऊद, सुनील अग्रहरि, पवन साहू, अमृतलाल पटेल, अयाज अहमद ने कहा कि दुकानें बन कर तैयार हैं, लेकिन अब गैर व्यवसायी दुकानें अपने नाम आवंटित कराने और बाद में व्यापारियों के हाथ बेंचने की फिराक में हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा किसी कीमत पर होने नहीं दिया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट ने मामले को दिखवाने का भरोसा दिया।