सलोन। सलोन कोतवाली में सोमवार को उस समय हर कोई हैरान रह गया, जब 11 साल की एक बालिका दुल्हन के वेश में 15 वर्षीय किशोर के साथ पहुंची। दोनों ने पुलिस को बताया कि वह घर से पंजाब के लुधियाना गए थे, जहां उन्होंने शादी कर ली। पुलिस के मुताबिक सलोन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला 15 वर्षीय किशोर और पड़ोसी गांव की रहने वाली 11 वर्षीय बालिका कुछ महीने पहले एक-दूसरे के संपर्क में आए थे।
चार जुलाई को दोनों अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकल कर पंजाब के लिए चले गए। लड़की के परिजनों ने पुलिस को इस मामले में तहरीर दी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि वह पंजाब के लुधियाना में हैं। इसके बाद पुलिस ने किशोर के मोबाइल फोन पर संपर्क किया और काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों को वापस लौटने के लिए राजी किया। सोमवार को जब दोनों सलोन कोतवाली पहुंचे तो वहां मौजूद लोग उन्हें देखकर हैरान रह गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बालेंदु गौतम ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं, इस कारण आगे की कार्रवाई बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों और प्रचलित कानूनों के अनुसार की जा रही है। (संवाद)