रायबरेली। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत शहरी पीएचसी किलाबाजार में खुली सिटी पॉली क्लीनिक में शनिवार को मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं मिलीं। जनरल फिजीशियन डॉ. गौरव त्रिवेदी ने करीब 107 मरीजों की सेहत जांची। मरीजों को चिकित्सीय सलाह दी। इसके अलावा नेत्र रोगियों को भी चिकित्सीय सलाह दी गई।
शहर के किलाबाजार स्थित स्वास्थ्य विभाग की पीएचसी में शासन की मंशा पर सिटी पॉली क्लीनिक शुरू कराई गई है। प्रत्येक दिन अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सक पॉली क्लीनिक में पहुंचकर मरीजों को चिकित्सीय सलाह दे रहे हैं। पाली क्लीनिक में सप्ताह भर में स्त्री रोग, जनरल फिजीशियन, बाल रोग, अस्थि रोग, चर्म रोग, मनोचिकित्सक मरीजों का इलाज कर रहे हैं। शनिवार को जनरल फिजीशियन डॉ. गौरव त्रिवेदी ने मरीजों को चिकित्सीय सलाह देने के साथ इलाज किया।
इसके अलावा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रणय सिंह ने नेत्र रोगियों का इलाज किया। शहरी स्वास्थ्य समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि सरकार की मंशा अनुरूप शहरी गरीबों को उनके घर के पास निशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं मुहैया कराने के लिए सिटी पॉली क्लीनिक संचालित है। शनिवार को फिजीशियन और नेत्र रोग विशेषज्ञ ने मरीजों का इलाज किया।