रायबरेली। जैन धर्म के 24वें तीर्थकर भगवान महावीर की जयंती बुधवार को जैन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई। जैन मंदिर से सुबह 6.30 बजे प्रभातफेरी निकाली गई।
प्रभातफेरी में लोगों को भगवान महावीर के संदेश जियो और जीने दो को अपनाने की अपील की गई। महिलाओं ने जैन मंदिर में संगीतमय पूजा अर्चना की।
सभी श्रद्धालुओं ने भजन गाकर भगवान महावीर स्वामी का पालना झुलाया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच समाज की कई शख्सियतों को सम्मानित किया गया।
सिविल लाइन स्थित दिगंबर जैन मंदिर में महावीर जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। जैन मंदिर से शुरू हुई प्रभातफेरी महावीर पार्क, चैत्यालय गोरा बाजार होते हुए वापस जैन मंदिर पहुंची।
पुरुष सफेद वस्त्र तो महिलाएं केसरिया रंग की साड़ी धारण कर हाथों में जैन ध्वज लेकर शामिल हुईं, जिन्होंने जियो और जीने दो का संदेश दिया। सुभाष जैन ने मंदिर में ध्वजारोहण किया।
शांति धारा का सौभाग्य अंकित जैन, अरिहंत जैन, हेमेंद्र जैन, विकास जैन, आरके जैन के परिवार को मिला। महिलाओं ने महावीर वाणी, भजन प्रस्तुत कर भगवान महावीर स्वामी का पालना झुलाया।
शाम को सभी ने प्रभु की सामूहिक आरती की। धर्म सभा में जैन समाज के अध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि महावीर के सिद्धांतों पर चलने वाला व्यक्ति कभी भी हिंसक नहीं हो सकता है।
महावीर के विश्व शांति, अहिंसा, प्रेम, वात्सल्य के संदेश पर चलकर हम विश्व, राष्ट्र, समाज एवं जिले में शांति, सद्भाव, विश्वास स्थापित कर सकते हैं।
अंकित जैन ने बताया की महावीर जयंती पर विशेष पूजा अर्चना के बाद सिविल लाइन में प्रसाद वितरण, कुष्ठ आश्रम में भोजन दान, जिला अस्पताल में फल वितरण, जैन पेट्रोल पंप पर शर्बत बांटा गया।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण, महावीर स्वामी के सिद्धांतों पर आधारित नाटक में अनुराधा जैन, पूजा जैन, रुचिका जैन, रूपल जैन, प्रियंका जैन, स्वाति जैन, महक जैन ने भाग लिया।
फैंसी ड्रेस और जैन ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के बच्चों को पुरस्कृत किया गया। श्रेष्ठ जैन श्रावक भी सम्मानित हुए।