रायबरेली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाले जो भी संदिग्ध हैं, उन्हें चिह्नित करके कार्रवाई की जाए।
चुनाव में खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब 90 प्रतिशत से अधिक मतदान होगा। स्वीप के माध्यम से हर वोटर तक उनके फर्ज का संदेश पहुंचाना है।
बचत भवन में देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेस्डर डॉ. श्रेया की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि बूथों पर वोटरों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले ही तैयारियों को पूरा कर लिया जाए। चुनाव संबंधी अन्य तैयारियों को भी समय से पूरा करने के साथ ही सभी वोटर के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करें।
इस मौके पर डीएम नेहा शर्मा ने अब तक जिले में मतदाता जागरूकता अभियान और तैयारियों के संबंध में पूरी जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दी और अपराधियों व संदिग्ध लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी दी।
इस मौके पर एसपी सुनील कुमार सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. राजेश प्रजापति, एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष, सीडीओ राकेश कुमार, सीएमओ डॉ. डीके सिंह, एएसपी शशिशेखर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।