रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के भांव गांव में पुलवामा की घटना के विरोध में पाकिस्तान का पुतला जलाने और मुर्दाबाद के नारे लगाने को लेकर हुआ विवाद बढ़ने लगा है।
इस मामले को लेकर बुधवार को भाजपाई भदोखर थाने में धरने पर बैठ गए। सभी ने हंगामा किया और कार्रवाई किए जाने की मांग की।
भाजपाइयों के दबाव में आकर पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एफआईआर में जिक्र किया गया कि आरोपियों ने पाकिस्तान और लश्कर व जैश आतंकी संगठन का समर्थन किया।
भांव गांव में मंगलवार की शाम हिंदू-मुस्लिम पुलवामा की घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकाल रहा था। साथ ही पाक मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। साथ ही पाक का पुतला फूंकने जा रहे थे।
इसी दौरान गांव के दूसरे गुट के कुछ अराजकतत्व वहां पर पहुंच गए और पाक का पुतला जलाने और मुर्दाबाद के नारे लगाने से मना कर दिया। साथ ही ईंट पत्थर चलाए थे।
भाजपा नेता अनीता श्रीवास्तव की अगुवाई में लोग बुधवार को भदोखर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो धरना चलता रहेगा।
विवाद बढ़ने पर पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज कर लिया। गांव निवासी फजल ने थाने में दी गई तहरीर में कहा कि हम सब शहीदों को नमन करते हुए कैंडल मार्च निकाल रहे थे।
आरोपियों ने इसका विरोध किया और कहा कि हम पाकिस्तान की निंदा नहीं सुनेंगे। एसओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि गांव के रहने वाले फजल की तहरीर पर हसीब, जैनुल, आरिफ, फतेह मोहम्मद, हारून, शमीम, अकबर और याकूब के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके जल्द जेल भेजा जाएगा।
हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन
रायबरेली। भांव की घटना के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने एसपी दफ्तर में प्रदर्शन किया। एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की। जिला मंत्री मंजुल तिवारी, मारुति त्रिपाठी की अगुवाई में एसपी दफ्तर में प्रदर्शन किया गया। सभी ने कहा कि ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। एसपी सुनील कुमार सिंह ने प्रकरण में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।