खड़े ट्रक में घुसी बाइक, युवक मौत, ममेरा भाई घायल
रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात खडे़ ट्रक में बेकाबू बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार वेल्डर की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गूढ़ा गांव निवासी धीरज वर्मा (26) वेल्डर का काम करता था। शनिवार रात वह बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव निवासी अपने ममेरे भाई पुरुषोत्तम (30) के साथ बाइक से किसी काम से बछरावां गया था।
वहां से लौटते वक्त रानीखेड़ा गांव के पास खड़े ट्रक में बाइक जा घुसी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां से दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां धीरज की मौत हो गई।
धीरज की शादी तीन साल पहले लखनऊ के चंदौली गांव की रहने वाली संतरानी से हुई थी। हादसे में धीरज की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।