रायबरेली। हरचंदपुर कस्बे में सोमवार को दोपहर बाद किराने की दुकान में घुसकर दो सगे भाइयों की न सिर्फ पिटाई की गई, बल्कि दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की गई। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ की और ईंट-पत्थर चलाए गए।
घटना से गुस्साए व्यापारियों ने हरचंदपुर थाने में प्रदर्शन कर पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस की ज्यादती की वजह से ऐसा हो रहा है। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
लालगंज निवासी अखिलेश यादव हरचंदपुर कस्बे में राजेंद्र साहू की परचून की दुकान में पांच साल से मजदूरी कर रहा था। अखिलेश पर चोरी का इल्जाम लगाकर राजेंद्र साहू ने उसके चेेहरे पर मैं चोर हूं लिखकर पूरे क्षेत्र में घुमाया था। इस मामले में राजेंद्र साहू के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था।
इसी मामले को लेकर अखिलेश यादव पक्ष के करीब 12 लोगों ने असलहों से लैस होकर राजेंद्र की दुकान पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उसके दो भाइयों सुरेंद्र साहू, सुनील साहू के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही ईंट-पत्थर चलाए। दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। इससे कस्बे में अफरातफरी मच गई।
कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग खड़े हुए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी पर व्यापारी नेता बसंत सिंह बग्गा समेत अन्य व्यापारी वहां पर पहुंचे। व्यापारियों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई करने की मांग की।
व्यापारी नेता ने कहा कि गुंडागर्दी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। एसओ सचिन गुप्ता ने बताया कि पीड़ित सुरेंद्र की तहरीर पर प्रशांत, अरुण, सुनील, अजय और 10 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।