क्रॉसिंग पर गर्डर लगाने से डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल रूट
रायबरेली। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर शहर के भीतर आईटीआई के निकट रेल क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए गार्डर रखने का काम सोमवार को कराया गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया।
नतीजतन इस दरम्यान रायबरेली से रूपामऊ रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। कई ट्रेनें प्रभावित हुईं, वहीं सड़क मार्ग का यातायात भी प्रभावित रहा।
स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि ट्रैफिक ब्लॉक तो सुबह 10 बजे से लिया जाना था, लेकिन कई महत्वपूर्ण ट्रेनें उस समय गुजरने वाली थीं। इसलिए दोपहर 12.45 बजे से 2.15 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक दिया गया, जिससे कुछ ही ट्रेनें प्रभावित हुईं।
रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर आईटीआई के निकट स्थित रेल क्रॉसिंग संख्या 147-ए पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है।
इसी क्रॉसिंग पर पुल बनाने के लिए गार्डर लगाने का काम किया जाना था। इसलिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। गार्डर रखने के लिए रोड साइड पर क्रेनें भी लगाई गईं थी, जिससे रोड ट्रैफिक के संचालन में भी दिक्कतें आईं।
इस वजह से सड़क मार्ग का यातायात भी रोका गया। वाहनों को दूरभाष नगर होकर निकाला गया। ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान निकलने वाली कुछ ट्रेनें लेट थीं तो कुछ ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया।
गाड़ी संख्या 13006 अमृतसर-हावड़ा (पंजाब मेल) दोपहर 2.58 बजे रायबरेली स्टेशन पहुंची। यह गाड़ी करीब पौने तीन घंटे लेट थी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 13005 हावड़ा-अमृतसर (पंजाब मेल) दोपहर 2.55 बजे रायबरेली पहुंची, जो कि पौने दो घंटे लेट थी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 14265 जनता मेल को फुरसतगंज में काफी देर तक रोका गया। इस वजह से यह गाड़ी करीब डेढ़ घंटे की देरी से दोपहर 3.30 बजे यहां पहुंची।
गाड़ी संख्या 14266 जनता मेल करीब डेढ़ घंटे देरी से सुबह 11.05 बजे पहुंची, जिसे आधे घंटे तक रायबरेली में रोका गया और फिर वाराणसी की ओर रवाना किया गया। कई पैसेंजर ट्रेनें भी लेट हुईं।