एबीआरसी चयन की अनंतिम सूची बीएसए कार्यालय में चस्पा
रायबरेली। जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 ब्लॉकों में सह समन्वयकों (एबीआरसी) के चयन के लिए अनंतिम सूची बीएसए कार्यालय में मंगलवार को चस्पा कर दी गई। सूची चस्पा करने के बाद एक सप्ताह के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियां आने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि नगर क्षेत्र और 18 ब्लॉकों में कुल 95 सह समन्वयकों का चयन किया जाना है। इसकी प्रक्रिया कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सह समन्वयकों के चयन के लिए अनंतिम सूची कार्यालय में चस्पा करा दी गई है। चयन के लिए आवेदन करने वाले संबंधित आवेदक एक सप्ताह के भीतर आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं। आपत्तियों का निस्तारण करते हुए अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। सह समन्वयकों का चयन होने से शिक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो। इसी दिशा में सह समन्वयकों का चयन किया जा रहा है।