एसयूवी की टक्कर से युवक की मौत, वृद्धा गंभीर
रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र में रविवार को एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी बुजुर्ग सास गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों बाइक से उन्नाव जा रहे थे। पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया और शव को कब्जे में लिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
उन्नाव जिले के बारा सगवर थाना क्षेत्र के ठकुराइनखेड़ा मजरे सेठोंपुर गांव निवासी गिरिजाशंकर (55) किसानी करता था। सुबह अपनी चचेरी सास रामश्री (60) निवासी सरेनी रायबरेली को लेकर बाइक से अपने गांव ठकुराइनखेड़ा जा रहा था। सरेनी-भोजपुर मार्ग पर कोड़रा मोड़ के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे गिरिजा शंकर और रामश्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एसओ सुधीरचंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने गिरिजाशंकर को मृत घोषित कर दिया। एसओ का कहना है कि बोलेरो की टक्कर से हादसा हुआ है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घायल बालक ने तोड़ा दम
रायबरेली। शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर सड़क हादसे में घायल हुए बालक ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। देर शाम उसका शव घर पहुंचा तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। गुरुनानक नगर सिंधी क्वार्टर निवासी राजा सावलानी के बेटे कृष्णा सावलानी (12) को रविवार को बेकाबू ट्रक ने डिग्री कॉलेज चौराहे के पास टक्कर मार दी थी, जिसमें कृष्णा घायल हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ ले जाया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई। कोतवाल अशोक त्रिपाठी का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी।