रायबरेली। शहर के लोगों ने कोरोना से एक और जंग जीत ली है। शहरियों ने जागरूकता दिखाते हुए कोरोना को मात देने के लिए 100 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर दिया है। शहर में अब शत-प्रतिशत बूस्टर डोज दिए जाने की तैयारी है। इसी तरह करीब 50 गांवों में भी शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो चुका है। जिले में 20.53 लाख लक्ष्य की तुलना में 15.10 लाख लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए दीवाली तक जिले में करीब 60 फीसदी आबादी का टीकाकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिले के 20.53 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। शहर में एक लाख 32 हजार 694 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय की सफल रणनीति व तैयारियों के कारण इस लक्ष्य की तुलना में एक लाख 32 हजार 551 लोगों को टीके की पहली डोज दी गई है। अब तक 15.10 लाख लोगों को टीके की पहली डोज मिल चुकी है। जगतपुर, बछरावां सहित कई क्षेत्रों की प्रगति भी शत-प्रतिशत होने वाली है। यही नहीं, जगतपुर ब्लॉक के धोबहा सहित जिले के करीब 50 गांवों में शत-प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।
शहर में 17 एएनएम ने टीकाकरण का रिकार्ड बनाया। एएनएम कुसुम सिंह, एएनएम गीता सिंह, एएनएम रेनू व एएनएम मनीषा ने शुरू से लगातार टीकाकरण में काम किया। पीएचसी देवानंदपुर की एएनएम अनुपम शर्मा और गोराबाजार की एएनएम रीता त्रिपाठी ने भी रिकार्ड टीके लगाए। शत-प्रतिशत प्रगति पर आशा बहू और एएनएम बेहद खुश हैं।
शहरी क्षेत्र की स्लम क्षेत्र कल्लू का पुरवा की आशा शीला श्रीवास्तव और बहराना की आशा सरला का काम टीकाकरण में काबिले तारीफ रहा। स्लम क्षेत्र के रूप में पिछड़े क्षेत्र में जागरूकता के माध्यम से लोगो को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कराया गया। प्राथमिक विद्यालय कल्लू का पुरवा में अब तक 20 कैंप लगवाए गए।
आशा ने घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित ही नहीं किया, बल्कि उन्हें केंद्र तक पहुंचाया। इसी तरह बहराना की आशा ने भी काम करके स्लम एरिया में शत प्रतिशत टीकाकरण का काम पूरा कराया।
ब्लॉक क्षेत्र जगतपुर की धोबहा की प्रधान शकुंतला देवी ने गांव में शत-प्रतिशत टीकाकरण का काम पूरा कराने के लिए करीब 13 कैंप लगवाए। इसी का नतीजा है कि गांव में 1300 लोगों का टीकाकरण हो गया। ब्लॉक में इस गांव में शत-प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। परदेश में रहने वाले कुछ लोग ही टीके से वंचित हैं। प्रधान का सहयोग उनके बेटे नरेंद्र यादव ने भी किया।
शहर में कोरोना टीके की प्रथम डोज 100 फीसदी लोगों को दी जा चुकी है। इसमें एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय की तैयारी और कार्ययोजना ने अहम भूमिका निभाई है। विनय की कार्ययोजना से कोरोना से शहर के लोगों को बचने में सफलता मिली है। उनका कहना है कि टीकाकरण ही कोरोना से बचाने का एक मात्र उपाय है। शहर के लोगों के साथ ही स्टाफ के लोगों का अच्छा सहयोग मिला।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में शत-प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। जिले भर में 69.71 प्रतिशत टीकाकरण हो गया है। शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी डोज को भी बढ़ाया गया है।