रिपोर्ट न आने के कारण विकास के लिए ग्राम पंचायताें को 11 करोड़ रुपये की धनराशि नहीं भेजी गई है। इससे गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो गया है।
जिले में पंचायत चुनाव के कारण राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि खाते में डंप है। ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों को करीब 11 करोड़ रुपये की धनराशि भेजनी है, लेकिन अब तक जिला पंचायतराज विभाग से यह धनराशि ग्राम पंचायतों को नहीं भेजी जा सकी है। डीपीआरओ ने सभी ब्लॉकों से वर्ष 2014-15 और वर्ष 2015-16 में ग्राम पंचायतों को दी गई धनराशि का ब्योरा देने का आदेश दिया था।
इसमें मिले बजट के सापेक्ष खर्च और खाते में उपलब्ध धनराशि के संबंध में डिटेल देने के आदेश दिए गए हैं। आदेश के बाद भी सतांव, बछरावां, शिवगढ़, महराजगंज, जगतपुर, डलमऊ, रोहनियां ब्लॉकों से तीन सौ से अधिक ग्राम पंचायतों का राज्य वित्त का डिटेल नहीं आया है।
इसके अलावा सतांव, महराजगंज, बछरावां, शिवगढ़, खीरों, सरेनी, डलमऊ, जगतपुर, रोहनियां व अमावां से क्षेत्र पंचायत निधि को राज्य वित्त से मिले बजट का ब्योरा नहीं दिया गया है। ब्लॉकों से रिपोर्ट न आने के बाद ग्राम पंचायतों को 11 करोड़ का बजट रोका गया है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहा है।