हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्योठी में राज्यवित्त के खाते से एक लाख 39 हजार रुपये मनमाने तरीके से निकालकर डकारने वाले ग्राम विकास अधिकारी को जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने निलंबित कर दिया है।
जांच में खुलासे के बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए उसे हरचंदपुर ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध करके सलोन के बीडीओ को अंतिम जांच सौंपी है। राज्यवित्त एवं तेरहवें वित्त आयोग के खाते से रुपये निकालकर विकास कार्य कराने के लिए प्रक्रिया को पूरी कराना पड़ता है।
लेकिन हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र के स्योठी के ग्राम विकास अधिकारी ने आदेशों व गाइड लाइन को ताक पर रखकर एक लाख 39 हजार 500 रुपये विकास कराने के नाम पर खाते से निकाल लिये। डीएम के आदेश पर एडीओ हरचंदपुर श्रवण दीक्षित ने मामले की जांच की तो घपले का खुलासा हुआ।
कार्ययोजना पर ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर नहीं मिले। ग्राम पंचायत की बैठक में कार्ययोजना न पास है और न ही कार्यों का इस्टीमेट ही पास है। ब्लॉक से जांच रिपोर्ट आने के बाद डीडीओ आरएन सिंह ने ग्राम विकास अधिकारी अमरेश नारायण यादव को निलंबित कर दिया।
उसे हरचंदपुर ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध करके उसके खिलाफ अंतिम जांच सलोन के बीडीओ दीनदयाल को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को 15 दिन में अंतिम जांच पूरी करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
जिला विकास अधिकारी आरएन सिंह ने बताया कि जांच में गाइड लाइन को दरकिनार करके खाते से धन निकालकर गड़बड़ी करने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। अंतिम जांच के बाद अन्य कार्रवाई की जाएगी।