खेत से लौट रहे युवक ट्रेन के सामने लगाई छलांग, मौत
- हादसे के बाद आउटर पर आधा घंटा खड़ी रही ट्रेन, मानिकपुर के रहमत अली का पुरवा की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मानिकपुर। खेत से बहन के घर वापस लौट रहे युवक ने रेलवे क्राॅसिंग पर लखनऊ से प्रयागराज जा रही ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लोको पायलट को हुई तो कुछ दूर आकर आउटर पर आधा घंटे के लिए ट्रेन खड़ी की गई। जिसे यातायात बाधित रहा। मौत से परिजनों में चीख पुकार मची रही।
परिजनों के मुताबिक संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कमासिन गांव निवासी अजय यादव (35) मानसिक बीमारी से परेशान था। उसका इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। दो दिन पूर्व लखनऊ से अपना इलाज करवा कर अपनी बहन कन्या देवी निवासी मानिकपुर नगर पंचायत दो पेडिया के घर पर रुक गया। बुधवार को सुबह करीब 10:15 बजे वह अपनी बहन के खेत से मवेशी भगाने निकला। वापस घर लौटते समय जब लखनऊ से प्रयागराज इंटरसिटी जा रही थी तो रहमत अली का पुरवा रेलवे क्राॅसिंग पर उसने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। घटना के बाद क्राॅसिंग से ट्रेन आगे बढ़कर तिवारीपुर रेलवे क्राॅसिंग के पास पहुंचकर लगभग आधा घंटा खड़ी हो गई। जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची मानिकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही बहन कन्या देवी उसके पति और बेटे रोते बिलखते पहुंचे। अजय के दो बेटों, बेटी और पत्नी नीतू यादव, पिता अयोध्या यादव का रो- रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी जय चंद्र भारती ने बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। ट्रेन के सामने आ जाने से उसकी मौत हो गई।