अंतू थाना क्षेत्र की घटना, लोगों ने आरोपी युवक को किया पुलिस के हवाले
शादी में शामिल होने आया था आरोपी
संडवाचंद्रिका। शादी में आए युवक ने मंगलवार की रात घर के पीछे किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। उसके चंगुल से बचकर निकली किशोरी ने परिजनों की आपबीती सुनाई। इसके बाद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात बारात आई थी। बारात में शामिल होने के लिए प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के होलागढ़ निवासी बच्चा यादव भी आया था। द्वारपूजा के समय फिल्मी गानों पर लोग डांस कर रहे थे। इस बीच बच्चा यादव ने गांव की एक 11 वर्षीय किशोरी को झांसा देकर घर के पीछे सामान लाने भेजा। फिर पीछे से पहुंचकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए उसका मुंह दबाकर खेत में खींच ले गया और दुष्कर्म किया।
किशोरी रोते हुए अपने घर पहुंची। परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिवार के लोगों ने बारात में शामिल आरोपी बच्चा को पकड़कर मारापीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले आई।
अंतू थानाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के भाई की तहरीर पर बच्चा यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। युवक से पूछताछ की जा रही है।