सई नदी के पुल पर सोमवार को दोपहर स्कूटी खड़ी कर युवक ने नदी में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। खोजबीन शुरू की। तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। पुलिस मेडिकल कॉलेज ले गई। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नगर कोतवाली के करनपुर मुहल्ला निवासी नितेश कुमार (23) पुत्र मुकेश कुमार दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता था। वह दिवाली की छुट्टी पर घर आया था। वह घर का इकलौता बेटा था। सोमवार को उसने दिल्ली जाने की तैयारी की थी। टिकट भी ले रखा था।
दोपहर करीब एक बजे वह स्कूटी लेकर घर से निकला था। इधर, दोपहर करीब दो बजे दिलीपपुर के शिवसत गांव स्थित सई नदी पुल पर स्कूटी खड़ी और फिर छलांग लगा दी। इस दौरान आसपास के लोगों ने उसे देख लिया। वहीं, स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की। सूचना पर दिलीपपुर पुलिस भी पहुंच गई।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। मेडिकल कॉलेज में मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने सूचना परिजनों को दी। सभी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पिता मुकेश शहर में एक गैरेज में काम करते है।
पिता ने बताया कि घर पर किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। यह कैसे हो गया कुछ नहीं पता। वहीं, दिल्ली में रह रही बेटी को जानकारी मिली है। वह घर के लिए रवाना हो गई है।