सगरा सुंदरपुर के ओरी का पुरवा गांव में घटना के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
लीलापुर के ओरी का पुरवा में बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक लेकर सड़क किनारे खड़े तीन लोग ट्रक की टक्कर से जख्मी हो गए। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि महिला की बहन और उसका बेटा जख्मी हैं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।
गिरधर सहाय तिना निवासी कमला देवी (60) के पति शिवदर्शन का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। बृहस्पतिवार को बेटा गौतम वर्मा (28) मां कमला और मौसी देवकी वर्मा (32) को बाइक से लेकर लालगंज अस्पताल जा रहा था।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे ओरी का पुरवा के पास मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक को देखकर गौतम ने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। युवक ट्रक निकलने का इंतजार करने लगा। इसीबीच अनियंत्रित ट्रक बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया।
सड़क पर लहूलुहान घायलों को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से लालगंज ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने कमला को मृत घोषित कर दिया। गौतम और देवकी का इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटनास्थल से पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।
वर्जन
ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- राजीव द्विवेदी, सीओ लालगंज
सगरा सुंदरपुर के ओरी का पुरवा गांव में घटना के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़। संवाद