ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंचे।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के गोलहा मौली निवासी 45 वर्षीय देवकली महेशगंज थाना क्षेत्र के झींगुर में बहन के यहां मकान बनाकर रहती थी। शुक्रवार को वह अपने 23 वर्षीय बेटे नीरज के साथ बाइक पर बैठकर अपने पैतृक गांव गोलहा मौली जा रही थी। मां बेटे अभी नेवली का पुरवा खेमीपुर मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी अनियंत्रित ई-रिक्शा चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिसमें मां-बेटे घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने देवकली को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल नीरज का इलाज किया। घटना की जानकारी होने पर बड़ा बेटा सुरेश रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंचा। इंस्पेक्टर अवन दीक्षित का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।