पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति की पिटाई से पत्नी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सांगीपुर के टेकनियापुर गांव निवासी उर्मिला वर्मा (55) पत्नी श्यामलाल वर्मा चार दिन पहले अपनी मां मंजुका के निधन के बाद कल्याणपुर कला स्थित मायके गई थी। शनिवार शाम वह ससुराल लौटी। परिजनों के अनुसार पति श्यामलाल अक्सर मायके की संपत्ति में हिस्सा मांगने को लेकर उर्मिला से विवाद करता था। जिसका वह विरोध करती थी।
आरोप है कि शनिवार शाम घर पहुंचने के बाद भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और पति ने महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि रविवार सुबह आठ बजे इस बात को लेकर फिर विवाद बढ़ गया। नशे में धुत पति की पिटाई से बचने के लिए उर्मिला घर से भाग निकली और गांव के समीप नाले के पास हरिकेश पाल के घर के सामने पड़ी चारपाई पर अचेतावस्था में गिर पड़ी। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई अमर बहादुर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सांगीपुर थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी पति को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।