नशेड़ी पति से नाराज महिला रेलवे ट्रैक पर लेट गई। ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। इससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुंडा सीएचसी से उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के अनखोरिया निवासी सुशीला देवी का पति रामजीत पटेल शराब पीने का आदी है। इसी को लेकर आए दिन दंपति के बीच विवाद होता है। बताया जा रहा है कि सोमवार को सुबह रामजीत शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंच तो पत्नी ने विरोध जताया। शराबी पति ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे नाराज सुशीला घर से एक किमी दूर कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास पहुंची और रेलवे ट्रैक पर लेट गई। लखनऊ से प्रयागराज की तरफ जा रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक के बीच में होने से वह बच तो गई लेकिन गंभीर चोटें आईं हैं। परिजन उसे लेकर कुंडा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।