मतगणना बाद जीतने व हारने वाला प्रत्याशी सुरक्षा घेरे में घर भेजा गया है। जीते सभी सातों प्रत्याशियों को इंस्पेक्टर के साथ भेजा गया। जबकि प्रतिद्वंदी प्रत्याशियों को उपनिरीक्षक केंद्रीय पुलिस बल के साथ लेकर रवाना हुए। प्रशासन को आशंका है कि प्रत्याशी जीत-हार की खुशी व गम में माहौल को अशांत कर सकते हैं। उनके समर्थकों पर भी पुलिस व एलआईयू की नजर रही।
मतगणना कराने के लिए पैरामिलेट्री फोर्स लगाई गई थी। मतगणना स्थल महुली मंडी और आसपास शांति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए भारी भरकम पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय खुद भ्रमण करते रहे। प्रशासन को अंदेशा था कि सबसे अधिक दिक्कत हारने और जीतने वाले प्रत्याशियों के साथ हो सकती है। जीतने वाले के समर्थक अति उत्साह में मनमानी कर सकते हैं और हारने वाले को अपमानित भी कर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन बेहद गंभीर है। सात विधानसभाओं का चुनाव लड़ने वाले सभी प्रमुख प्रत्याशियों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने का खाका प्रशासन ने पहले ही तैयार कर लिया था।
जिन थानेदारों व इंस्पेक्टरों को विजयी प्रत्याशियों को घर तक सकुशल पहुंचाना था। वे उनके साथ महुली मंडी से निकले। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी विजयी प्रत्याशियों को घर तक पहुुंचाया गया। जो हारे हुए भी प्रत्याशी थे। उनकी सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया था ताकि किसी तरह का विवाद पैदा न हो।