शौचालय से वंचित 52,443 परिवारों को मार्च माह के अंत तक प्रोत्साहन राशि की पहली किस्त मिल जाएगी। शासन ने छूटे हुए लाभार्थियों को शौचालय मुहैया कराने के लिए 62.93 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी है। इन शौचालयों के बन जाने से जिले के प्रत्येक परिवार के पास एक-एक शौचालय हो जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत पहले चरण में अभियान से वंचित 52,443 परिवारों को शौचालय का तोहफा होली के पहले मिलने जा रहा है। शासन ने छूटे हुए परिवारों को योजना का लाभ देने के लिए 62.93 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान करने के साथ ही पहली किस्त के रुप में 32.12 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इसके पूर्व जिला प्रशासन की पहल पर 3,57,412 परिवारों को मानक पर खरा पाते हुए शौचालय का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है।
हालांकि अधिकांश परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने अभी पूर्ण रुप से शौचालयों का निर्माण नहीं कराया है। मगर जिला प्रशासन का दावा है कि सभी लाभार्थियों के खाते में रुपये भेज दिए गए हैं, लाभार्थी अपनी सुविधा से रुपये का सदुपयोग करेंगे। फिलहाल जिला प्रशासन की इस पहल से उन परिवारों के पास भी शौचालय का निर्माण हो गया है, जहां प्रधान और सचिव ने रुपये की बंदरबांट कर ली थी। डीपीआरओ उमाकांत पांडेय ने बताया कि छूटे हुए परिवारों के लिए धनराशि आ गई, एक दो दिन में ग्राम पंचायतों को धनराशि भेज दी जाएगी।