पति की नशे की आदत से परेशान होकर मायके गई पत्नी तो पति ने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। महिला करीब तीन महीने पहले ससुराल छोड़कर मायके गई थी। जिसके बाद से उसका पति परेशान रहता था।
अंतू थाना क्षेत्र के दांदूपुर दौलत के बसंत पांडेय का पुरवा निवासी प्रदीप कुमार बाहर रहकर ट्रक चलाता था। करीब छह माह पहले वह घर आ गया। गांव के लोगों के मुताबिक वह नशे का आदी था। पति के हरकतों से तंग आकर करीब तीन माह पहले पत्नी अपने मायके गौरीगंज चली गई। उसके बाद से वह परेशान हो गया। कई बार पत्नी से घर चलने की मन्नतें भी की। लेकिन, वह नहीं आई।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे अपने भाई के घर के बरामदे में पंखे के चुल्ले से साड़ी का फंदा लगाकर लटक गया। देखने पर आसपास के लोगों ने उसे फौरन फंदे से नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडवा चंडिका ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रदीप कुमार की दो छोटी बेटियां हैं। जानकारी मिलने पर पत्नी भी घर पहुंची। घटना से परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल है।