गर्मी और उमस के बाद अचानक हुई बारिश ने जहां एक ओर लोगों को राहत दी, वहीं कई लोग बुखार और सांस लेने में दिक्कत महसूस करने लगे। तीन दिन से बदले मौसम की वजह से मेडिकल कॉलेज में रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। शुक्रवार को 770 मरीजों का ओपीडी में इलाज हुआ। इसमें बुखार, जुकाम और खांसी के करीब 400 मरीज आए। इसमें भी 70 मरीज सांस से जुड़ी समस्या लेकर पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन डॉ. वकील अहमद ने बताया कि बारिश के चलते मौसम में नमी से सांस और बुखार रोगियों की संख्या बढ़ गई है। शुक्रवार को ओपीडी का समय आठ से दोपहर 12 बजे तक ही था लेकिन भीड़ के चलते एक बजे तक मरीजों का इलाज किया गया।
बताया कि जुकाम, बुखार और खांसी के करीब 400 मरीज आए। इसमें करीब 70 सांस रोगी थे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार और दिलीप वर्मा के ओपीडी में बुखार, खांसी से पीड़ित हाेने पर अभिभावक बच्चों का इलाज कराने पहुंचे। लगभग 300 बच्चों का इलाज ओपीडी में हुआ।
ऐसे करें बचाव
-अस्थमा के मरीज नियमित रूप से दवाओं का प्रयोग करें।
- सीलन और फंगस से बचें।
ठंडा पानी व कोल्डड्रिंक का प्रयोग न करें।
- बुखार के मरीज उबालकर पानी का सेवन करें।
- दही और आइसक्रीम का सेवन न करें।
-कूलर और एसी का इस्तेमाल न करें।