पश्चिमी हवाओं से तापमान लुढ़कने लगा है। रात में घने कोहरे के बीच ठंड कपा रही है। भोर में भी घने कोहरे के बीच लोग ठंड का सामना कर रहे है। बुधवार को कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। सुबह धूप खिलने के बाद ही ठंड से राहत मिल रही है। हालांकि धूप तेज होने के बाद दिनभर ठंड से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 26.3 व न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
वातावरण में पुरवा हवाओं की पकड़ के चलते तापमान में तेजी से उछाल आ रहा था। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सिएस तक पहुंच गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सिएस। दिन में धूप खिलने से ठंड का अहसास कम था, शाम को ही ठंड का असर दिखता। इधर बीते तीनों से पश्चिमी हवाओं ने पुरवा हवाओं को पछाड़कर वातावरण में अपनी पैठ जमा ली है। तापमान लुढ़कने लगा है। वहीं कोहरा भी पड़ना शुरू हो गया है। मंगलवार की तरह ही बुधवार को भी कोहरे का असर रहा। भोर में कोहरे के चलते आस- पास देखना मुश्किल था। कोहरे के बीच ठंड का असर भी तेज था। मगर धूप खिलने के बाद कोहरा छट गया। ठंड का असर भी कम हो गया।
दिनभर ठंड से से राहत रहीं। मगर शाम होते ही ठंड शुरू हो गई। शाम को करीब आठ बजे के बाद शहर के प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर जोगापुर, घंटाघर, सदर बाजार सहित भीड़- भाड़ वाले बाजारों में चहल- पहल कम हो गई। ठंड बढ़ने लगी। रात में ठंड का असर बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पश्चिमी हवाओं से तापमान में गिरावट आने लगी है। जल्द ही ठंड का आगाज होगा।