-निजी वाहनों के साथ ही रोडवेज की बसें सड़कों पर रही दौड़ती
प्रतापगढ़। लॉकडाउन के पहले दिन की बंदी पूरी तरह सफल रही। साप्ताहिक बंदी होने से शहर से गांव तक दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी और कार्यालयों के साथ ही बैंक शाखाओं में ताला लटकता रहा। सड़क पर निजी वाहनों के साथ ही रोडवेज की बसों के अलावा कुछ भी नहीं दिखाई पड़ रहा था। पुलिस की सक्रियता के चलते सब्जी, फल की दुकानें भी नहीं खुलने पाई। शहर में निजी वाहनों से आवागमन पर कोई रोक नहीं थी, मगर ई-रिक्शा और टेपों के चलने पर प्रतिबंध था।
अनलॉक-3 के पहले लॉकडाउन में शनिवार को बंदी पूरी तरह सफल रही। साप्ताहिक बंदी और माह का दूसरा शनिवार होने के कारण शहर और गांव में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय, स्कूल-कालेज, बैंक शाखाओं में ताला लटकता रहा। शहर में केवल जिला अस्पताल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर की दुकानों पर गिने-चुने लोग दिख रहे थे। निजी वाहन और रोडवेज की बसों के अलावा कुछ भी नहीं नजर आ रहा था। शहर की सीमा पर पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच करती रही। मास्क लगाकर नहीं चलने वालों से जुर्माना वसूलती रही। शहर के पंजाबी मार्केट, गल्ला मंडी, फल मंडी, सब्जी मंडी में दिनभर दुकानें बंद रहीं। ई-रिक्शा, टेंपों पूरी तरह बंद होने से हाइवे पर उतरने वाले यात्रियों को डिपो तक पैदल यात्रा करनी पड़ी। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय दिनभर शहर का भ्रमण कर बंदी का जायजा लेते रहे।
मेडिकल स्टोर, पेट्रोलपंप, गैस एजेंसी खुली
पुलिस की सख्ती का आलम यह रहा कि शनिवार को शहर में मेडिकल स्टोर, पेट्रोलपंप और गैस एजेंसी के अलावा कुछ भी नहीं खुला दिखा। पुलिस लाइन के सामने चाय-नाश्ते की जो दुकाने खुलीं थी, उसे सीओ ने बंद करा दी। पुलिस की सख्ती के चलते रोडवेज डिपो पर चाय-पान की दुकानें बंद रहीं।