सर्द हवाओं के साथ गलन का कहर मंगलवार को भी जारी रहा। गलन व ठंडी हवाओं से पूरा दिन लोग परेशान रहे। दिन में मौसम साफ रहा मगर बादलों की आवाजाही और हवा के सामने धूप भी बेअसर रही। गलन की वजह से सभी परेशान रहे। सुबह मौसम काफी ठंडा रहा। दोपहर के तापमान में हल्का सुधार रहा। सोमवार रात जबरदस्त कोहरा रहा। ठंड की चपेट में आने से बीमार हुए लोगों की अस्पताल में भीड़ लगी रही। हाड़ कंपाने वाली ठंड के तेवर फिलहाल नरम नहीं पड़ रहे हैं। गलन के कारण सारा दिन लोग गर्म कपड़ों से लदे रहे। सुबह ठंडी ज्यादा रही। सारा दिन पूर्वा हवा चलती रही और मौसम साफ रहा। आसमान में बिखरे हुए बादल मंडराते रहे। धूप हवा की वजह से बेअसर रही। मौसमविद देशराज मीना के मुताबिक सुबह का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
दोपहर में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रात में कोहरे का प्रकोप होने के कारण सुबह के वातावरण में 94 प्रतिशत नमी बनी रही। करीब 12 बजे सूर्य के दर्शन हुए। इसलिए दोपहर के वातावरण में नमी घट कर 67 प्रतिशत पर आ गई। ठंड लगने से जिले के तमाम लोगों की सेहत खराब हो गई। रोगियों की जिला अस्पताल में लंबी लाइन लगी थी। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक सीने में जकड़न, सर्दी, खासी, बुखार, गला बैठने व कोल्ड डायरिया से पीड़ित 203 नए मरीजों का इलाज हुआ। सीएचसी व पीएचसी और प्राइवेट अस्पतालों में भी इन बीमारियों से ग्रसित रोगियों की भीड़ रही। मौसम के जानकारों की मानें तो हवा की चाल में बदलाव न हुआ तो आने वाले दो-तीन दिन तक मौसम साफ रहेगा। फिलहाल गलन से निजात नहीं मिलेगी।