जिले में बृहस्पतिवार देररात से रुक-रुककर हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। बारिश के कारण सुबह बच्चे स्कूल नहीं जा सके। निजी स्कूलों में अवकाश रहा। सरकारी कार्यालयों और मोहल्लाें में जलभराव से कर्मचारियों व लोगों को दिक्कतें हुईं।
आंधी के कारण पेड़ गिरने से कई जगहों पर पोल क्षतिग्रस्त हो गए। 24 घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं, तिलहन और उड़द की फसल बारिश से प्रभावित हो रही है। जिले में आंधी, वज्रपात और तेज बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश के दौरान लोगों से घर में रहने की अपील की गई है।
एसपी कार्यालय, सिंचाई विभाग और पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में जलभराव हो गया। जिससे कर्मचारियों को दिक्कत हुई। देवकली, दहिलामऊ दक्षिणी, सिनेमा रोड, कटरा रोड समेत प्रमुख मार्गों पर जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। डीएम के निर्देश पर नगर पालिका ने बुधवार को देवकली नालों की सफाई की थी लेकिन इसके बाद भी मोहल्लों में दो फीट तक पानी भरा हुआ है।
कटरा रोड के गायत्री नगर मोहल्ले में सुरेंद्र सिंह के घर में पानी भर गया। घर का सामान भी पानी में डूब गया। दोपहर बाद बारिश थमने के बाद जलजमाव कम हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।
तेज हवा में पेड़ व खंभे टूटने से ग्रामीण अंचल में घंटों बिजली गुल रही। पट्टी तहसील के सोनाही विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में सात घंटे बिजली गुल रही। गौरा के रामापुर बाजार में सड़क पर जलभराव हो गया। पट्टी के साउथ फीडर की एलटी लाइन पर पेड़ गिरने के कारण पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। रानीगंज अजगरा, भुपियामऊ ग्रामीण, अंतू, संडवा चंद्रिका, पहाड़पुर समेत अन्य उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में रात में बिजली आपूर्ति बाधित रही।