पूरे केशवराय स्थित मेडिकल कॉलेज में पानी की समस्या को लेकर धरने पर बैठे छात्र-छात्राएं। संवाद
डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में तीन दिनों से पानी की आपूर्ति न होने से परेशान एमबीबीएस के सैकड़ों छात्र शनिवार को कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रभारी प्राचार्या डॉ. रश्मि यादव ने जल्द समस्या समाधान के लिए आवश्वस्त किया तो उन्होंने धरना समाप्त किया।
मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में 398 एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं रहते हैं। उसी परिसर में आचार्य सहित 50 सहायक आचार्य निवास करते हैं। तीन दिनों पहले पानी सप्लाई की पाइप लाइन टूट गई थी, जिससे आपूर्ति ठप हो गई। इससे सभी परेशान हो गए।
शनिवार को उनका धैर्य जवाब दे गया। परिसर में वे एक जुट हो गए और धरने पर बैठकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
प्राचार्या डॉ.रश्मि यादव ने मौके पर पहुंची। उन्हें समझाया और बताया कि पानी का टैंकर मंगवाया गया है। पाइप लाइन को ठीक कराया जा रहा है। रात तक समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया।