मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर 50 बेड के एकीकृत आयुष अस्पताल का संचालन होगा। लगातार पत्राचार के बाद राजस्व विभाग ने आयुर्वेद विभाग को जमीन मुहैया करा दिया है। खतौनी में नाम दर्ज होने के बाद अस्पताल भवन का निर्माण शुरू होगा।
आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. त्रिभुवन राम ने बताया कि शासन ने पांच साल पहले एकीकृत आयुष अस्पताल का निर्माण कराने के लिए आदेश दिया था। तत्कालीन डीएम ने रंजीतपुर चिलबिला में जमीन मुहैया कराई। विवाद के चलते अस्पताल भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया न ही विभाग के नाम जमीन दर्ज हो पाई।
शासन को फिर पत्राचार किया गया तो डीएम शिव सहाय अवस्थी ने राजस्व विभाग को 50 बेड आयुष अस्पताल निर्माण के लिए जमीन मुहैया कराने का आदेश दिया। चिलबिला ओवरब्रिज के पास बीघा जमीन मिल गई है। अब बजट आने के बाद अस्पताल का निर्माण शुरू होगा। अस्पताल में आयुर्वेद, होम्योपैथ, यूनानी के चिकित्सक मरीजों का इलाज कर सकेंगे। साथ ही यहां योग प्रशिक्षक भी मौजूद रहेंगे।