शहर में स्वाइन फ्लू जैसी जानलेवा बीमारी ने दस्तक दे दी है। इसकी चपेट में आने से एक महिला की इलाज के दौरान लखनऊ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर आननफानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में पहुंचकर दवा का छिड़काव कराया।
नगर कोतवाली के करनपुर की रहने वाली फूला देवी (35) पत्नी सुरेश की कुछ दिनों से तबियत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ने पर परिजन इलाहाबाद ले गए। वहां भी आराम नहीं मिला। इस पर उसे लखनऊ मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि की। इलाज के दौरान गुरुवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी उसके घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मेडिकल कॉलेज की ओर से सीएमओ को स्वाइन फ्लू से महिला की मौत की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के घर पहुंची और उसके पासपड़ोस में दवा का छिड़काव करना शुरू कर दिया। स्वाइन फ्लू से फूला देवी की मौत की खबर जब करनपुर के लोगों को हुई तो उनके होश उड़ गए। लोग सहमे हुए हैं। माना जा रहा है कि शहर में भी स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी अब दस्त दे चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यदि गंभीरता से इस मामले को नहीं लिया तो और भी लोग इसकी चपेट में आ सक ते हैं। उधर, स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी बनाए गए डाक्टर चंद्रचूड़ॱर सिंह का कहना है कि महिला की किडनी में कुछ दिक्कत थी। इसलिए उसे इलाहाबाद में भर्ती किया गया था। हालत में सुधार नहीं हुआ तो लखनऊ भेज दिया गया। इलाहाबाद में इलाज के दौरान उसे इंफेक्शन हुआ है और स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी की चपेट में वह आ गई। सूचना मिलते ही दवा का छिड़काव के साथ करनपुर के लोगों को दवाएं वितरित की गईं।