पट्टी विधानसभा के बिरौती बूथ पर एक युवती दुल्हन बनने के पहले वोट देने बूथ पर पहुंच गई। पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल होने से उत्साहित युवती ने घर में चल रही शादी की रस्म को छोड़कर बूथ पर लाइन में खड़ी होकर मतदान किया।
पट्टी विधानसभा के बिरौती गांव निवासी रामआसरे शुक्ला की पुत्री शिखा शुक्ला की गुरुवार को बारात आनी थी। इससे सुबह से ही जहां बारात की खातिरदारी की तैयारी परिवार के लोग कर रहे थे। वहीं घर की महिलाएं मेहंदी सहित वैवाहिक अन्य रस्मों को पूरा करने में aलगी हुई थीं।
शिखा का नाम पहली बार मतदाता सूची में आया था, इसलिए वह वोट देने के लिए लालायित थी। मां का इशारा मिलते ही प्राइमरी स्कूल बिरौती पहुंचकर लाइन में खड़े होकर मतदान किया। बकौल शिखा लोगों को अच्छा प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान अवश्य करना चाहिए। मतदान नहीं करने वाले लोग गलत जनप्रतिनिधि के चुनाव में सहयोग देते हैं।