कुंडा। दो हफ्ते से चल रही पंचायत के बाद विसहिया से जुलूस निकाला गया। समझौता होने के बाद भी प्रशासन सतर्क रहा। जुलूस के दौरान पीएसी व पुलिस के साथ तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे।
हथिगवां थाना क्षेत्र के विसहिया गांव में निशान उठाने के मुद्दे दो पक्षों में काफी दिनों से ठनी हुई थी। दो दिन पहले एसडीएम, सीओ व एसओ ने मामला सुलझा लिया था। बावजूद इसके सोमवार को गांव के कल्लूराम गुप्ता के यहां से निशान उठा तो दोनों पक्षों से काफी लोग जुट गए। समझौते के अनुसार निशान निर्धारित रास्ते से निकला। लोग नाचते गाते फूलमती धाम के लिए रवाना हुए।
सतर्कता के चलते एसओ हथिगवां ज्ञानेंद्र टीम के साथ मौजूद रहे। साथ ही तीन गाड़ी पीएसी भी मौजूद थी। किसी भी समस्या के लिए कानूनगो, लेखपाल भी साथ थे। हालांकि शांतिपूर्ण ढंग से निशान फूलमती देवी धाम पहुंचा और वहां निशान चढ़ाकर लोग गांव लौटे। किसी तरह के विवाद की स्थिति से निपटने के लिए दोनों पक्षों के कुछ संभ्रांत लोगों को पुलिस ने पहले से बुला रखा था।