परचून की दुकानों पर आनलाइन खरीदारी करेंगे ग्रामीण
डाकघर के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ने शुरू की पहल, दुकानों पर खोलेंगे मर्चेंट एकाउंट
घर-घर खोलेंगे खाता, देंगे एटीएम कार्ड, कैश का झंझट होगा खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। डाक विभाग ने गांवों को डिजिटल करने की दिशा में नई पहल की है। इससे लोग अपने गांव में मौजूद परचून की दुकानों पर भी आनलाइन खरीदारी कर सकेंगे। गांव में किराने व अन्य वस्तुओं की दुकानों का मर्चेंट एकाउंट खोला जाएगा। ताकि ग्रामीण उपभोक्ता बगैर कैश के खरीदारी कर सकें । शुरुआती दौर में डाक विभाग मॉडल गांव बनाने के लिए सूची तैयार कर रहा है। पहले चरण में प्रधान डाकघर व उप डाकघर के परिक्षेत्र में आने वाले दो गांवों को चयनित किया जाएगा।
डाक विभाग ने बैंकिंग के क्षेत्र में सक्रियता दिखाई है। बैंकों की तर्ज पर ही विभाग ने प्रधान डाकघर में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की स्थापना की है। इसे जिले के सभी 44 उपडाकघर व 320 शाखा डाकघरों से संबंद्ध किया गा है। डाक विभाग ने बैंक के माध्यम से घर-घर जमा निकासी की सुविधा देने के लिए डाकियों को हैंड हेल्ड डिवाइस भी उपलब्ध कराई है। अब इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से एक नई पहल शुरू की गई है। डाकघर के बैंक द्वारा अब गांवों को डिजिटल बनाने की दिशा में काम होगा। आनलाइन बैंकिंग की दिशा में ग्रामीणों को जागरूक करेंगे। ताकि वह कैशलेस खरीदारी कर सकें । इसके लिए डाकिया गांवों में जाकर वहां स्थित किराने की दुकानों व स्थानीय बाजारों में अन्य दुकानों का मर्चेंट एकाउंट खोलेंगे। साथ ही घर-घर आनलाइन बैंकिंग के बारे में बताते हुए खाते खोलेंगे। पहले चरण में प्रधानडाकघर द्वारा दो गांवों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उप डाकघरों सें भी दो- दो गांवों को चयनित किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक विवेक सिंह व सहायक प्रबंधक धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि गांवों को डिजिटलाइज्ड करने की दिशा में बैंक काम करेगा। ताकि आन लाइन खरीदारी गांवों में भी शुरू हो सके ।