बेलखरनाथधाम ब्लाॅक के खूझीकला गांव के लोगों का नाम मतदाता सूची से गायब होने से नाराज लोगों ने सोमवार को लगभग 11 बजे मुख्य गेट पर तालाबंदी की और बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी की। बीडीओ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के लोगों को समझा -बुझाकर ताला खुलवाया।
बेलखरनाथधाम ब्लॉक के करनपुर खूझी में अधिकांश मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से गायब होने पर गहरी नाराजगी है। सोमवार को करीब 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए। ब्लॉक परिसर में बीडीओ और ग्राम पंचायत अधिकारियों के नहीं मिलने पर नाराजगी और बढ़ गई।
ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर ताला बंद करके नारेबाजी प्रारंभ कर दी। ग्रामीणों का आरोप था कि बीडीओ सेवानिवृत्त होने वाले हैं, इसलिए शिकायतों पर अमल नहीं कर रहे हैं और न ही ब्लॉक कार्यालय में बैठ रहे हैं। पुलिस के ताला खोलवाने पर बीडीओ पहुंचे। हालांकि तब तक अधिकांश ग्रामीण घर चले गए थे।
खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायत करने के बजाय ग्रामीण उग्र प्रदर्शन कर ताला जड़ दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया।