स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। संवाद
मीराभवन स्थित स्टेडियम में शनिवार को स्टेडियम प्रतापगढ़ और प्रशांत वीर एकेडमी के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबले में स्टेडियम प्रतापगढ़ ने प्रशांत वीर एकेडमी को 10 रन से शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टेडियम की टीम ने 26.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 185 रन बनाए। टीम की ओर से अनूप सरोज ने 35, अनिकेत ने 25 और इमदाद ने 22 रन का योगदान दिया। प्रशांत वीर एकेडमी के निशांत ने तीन, जबकि आर्यन और आयान ने दो-दो विकेट हासिल किए। स्टेडियम के तीन खिलाड़ी रन आउट हुए।
जवाब में प्रशांत वीर एकेडमी की टीम 35.2 ओवर में 175 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रितिक ने 35 और हर्ष सिंह ने 27 रन बनाए। स्टेडियम टीम के शोभित सिंह ने पांच विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका सचिन यादव और सचिन ने निभाई।
इसके पहले मैच का उद्घाटन प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने किया। इस दौरान आदित्य शुक्ला, जिला खेल सचिव दुर्गेश तिवारी, सचिन शुक्ला, निखिल राणा मौजूद रहे।