जिले में कोरोना वैक्सीन का संकट बरकरार है। स्वास्थ्य विभाग को सिर्फ दस हजार वैक्सीन की डोज मिली है। इससे सोमवार के बाद मंगलवार से संकट गहरा सकता है। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए शासन ने 18 प्लस के सभी लोगों को टीका लगाने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने पहले गांव-गांव इसका प्रचार किया।
ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण के लिए क्लस्टर अभियान चलाया गया। हर दिन दस हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य था, लेकिन इस दौरान वैक्सीन की कमी का संकट खड़ा हो गया। स्वास्थ्य विभाग को शासन से कभी दस तो कभी बीस हजार वैक्सीन मिल रही है। जिला सहायक प्रतिरक्षाधिकारी महेश सिंह का कहना है कि डेढ़ लाख डोज की मांग शासन से की गई है, लेकिन, सिर्फ दस हजार वैक्सीन ही मिली है। पांच हजार डोज पहले से है।
24 घंटे में नहीं मिले एक भी संक्रमित
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अभी से ही बाजारों में दुकानदारों के साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर बूथ बनाकर लोगों के सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रविवार को 24 घंटे के अंदर जांच में स्वास्थ्य विभाग को कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिले।