शुआट्स सोसायटी से जुड़ी एक शिक्षिका बकाया वेतन न मिलने से परेशान होकर बृहस्पतिवार को पेट्रोल लेकर कुलपति कार्यालय पहुंच गई। कुलपति से मुलाकात न होने पर शिक्षिका ने आत्मदाह की धमकी दी।
कुलपति कार्यालय का मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक मुलाकात न होने से नाराज शिक्षिका गेट पर ही पेट्रोल लेकर बैठ गई। आत्महत्या की धमकी देने लगी। वहीं सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने शिक्षिका को समझा-बुझाकर वहां से वापस भेजा।
शुआट्स सोसायटी से जुड़े शिक्षक मंगलवार से ही विवि परिसर में बकाया वेतन के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष में कई बार शिक्षकों व कर्मचारियों की ओर से हंगामा किया जा चुका है। दिवाली पर्व को लेकर शिक्षक बकाया वेतन की मांग कर रहे हैं।
शिक्षकों का आरोप है कि शुआट्स प्रबंधन से जुड़े अधिकारी उनसे बात तक करने नहीं पहुंचे। इससे परेशान होकर विवि के विस्तार निदेशालय में हिंदी अधिकारी पद पर कार्यरत मीना नाथन बृहस्पतिवार को कुलपति कार्यालय पहुंची। वह कुलपति से बात करने की मांग कर रही थीं।
कई बार बुलाने के बाद भी केवल सुरक्षा कर्मचारी गेट पर पहुंचे। इससे परेशान होकर मीना नाथन पेट्रोल लेकर कुलपति कार्यालय के गेट पर बैठ गई। वह आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। उनके समर्थन में कई अन्य शिक्षक भी पहुंच गए। शिक्षकों व पुलिस कर्मियों के समझाने के बाद शिक्षिका वापस लौट गई। उसका कहना था कि वेतन न मिलने से उसे समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक बोले...पीछे के गेट से निकले कुलपति
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुलपति का पीए गेट पर पहुंचा और ऑनलाइन मीटिंग की बात कहते हुए शाम पांच बजे मिलवाने का आश्वासन दिया। शिक्षकों का आरोप है कि इसी बीच विवि प्रबंधन से जुड़े कुछ अधिकारी कुलपति को पीछे वाले गेट से लेकर चले गए।
कोट
शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन फंड एकत्रित करने के लिए प्रयासरत है। मीना नाथन महिला स्टाफ ने अनैतिक दबाव बनाने की लिए ज्वलनशील पदार्थ प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया था। रोकने पर सुरक्षा में तैनात महिला गार्ड के साथ हाथापाई एवं अभद्रता की गई जिसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की गई है।
-कौशल सक्सेना, मीडिया प्रभारी