गुरुवार को शहर के एक होटल में खाना खा रहे युवक-युवती से एंटी रोमियो टीम के पूछताछ करने पर जमकर हंगामा हुआ। बाद में कोतवाली पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका।
गुरुवार को अलग-अलग स्थानों से एंटी रोमियो टीम ने सात युवतियों व युवकों को पूछताछ के लिए उठाया। सभी को परिवार के लोगों के हवाले भी कर दिया। शाम को एंटी रोमियो टीम शहर के बाबागंज स्थित एक होटल में जा पहुंची। उस समय युवक-युवती खाना खा रहे थे। दूसरे कस्टमर भी बैठे थे। आरोप है कि एंटी रोमियो प्रभारी युवक व युवती से पूछताछ करने के साथ ही आधार कार्ड मांगने लगीं।
पुलिस की पूछताछ में युवती रोने लगी। यह देख मैनेजर बीचबचाव करने पहुंचा। आरोप है कि प्रभारी उससे भी उलझ गईं। उनके बीच तकरार होने लगी। सूचना मिलने पर नगर कोतवाल होटल पहुंचे और किसी तरह विवाद शांत कराया। नगर कोतवाल ने बताया कि वेलेंटाइन डे को देखते हुए संभावित स्थलों पर प्रेमी युगल की तलाश की जा रही थी। ऐसे में टीम होटल पहुंचकर जांच करने लगी।