जिला अस्पताल में किशोर की मौत के बाद सीएमओ का घेराव आक्रोशित करते परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
किशोर की मौत से नाराज परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। लोगों को आक्रोशित देख चिकित्सक और कर्मचारी इमरजेंसी वार्ड छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
मानधाता थाना क्षेत्र के कैला गांव निवासी सुरेश यादव कश्मीर में सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं। उनके तीन बेटे व दो बेटियां हैं। दूसरा बेटा दुर्गेश यादव (17) रविवार को मामा बबलू यादव पुत्र रामबहादुर यादव के घर शहर के ओझा का पुरवा आया था। देर रात ठंड लगने से उसकी तबियत बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया।
इसके दो घंटे बाद भोर में करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजन भड़क गए। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। लोगों को आक्रोशित देख डॉक्टर व कर्मचारी इमरजेंसी वार्ड से भाग निकले। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन घरवाले डॉक्टरों और कर्मचारियों द्वारा इलाज के लिए रुपये लेने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे।
खबर पाकर सीओ सिटी अभय पांडेय भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने डॉक्टरों द्वारा लापरवाही करने और रुपये लेने की तहरीर पुलिस को दी। हालांकि बाद में वापस ले लिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
जिला अस्पताल में किशोर की मौत के बाद बिलखते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत किशोर दुुर्गेश यादव। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH