कचहरी स्थित मुख्य राजस्व अधिकारी कोर्ट (सीआरओ) में मंगलवार को कुछ अधिवक्ताओं ने हंगामा करते हुए न्यायिक कार्य ठप करा दिया। कोर्ट में बैठे कर्मचारियों को भगा दिया। लगभग दो घंटे बाद पहुंचे जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित शुक्ला और महामंत्री संतोष सिंह ने हस्तक्षेप करके अधिवक्ताओं को बाहर निकालने पर कामकाज प्रारंभ हुआ।
मंगलवार को सीआरओ कोर्ट में अपने मुकदमों की पैरवी के लिए पहुंचे वादकारी उस समय दंग रह गए, जब लगभग 15 की संख्या में काले कोट पहनकर पहुंचे लोगों ने जबरन कार्यालय के कामकाज को बंद करा दिया। सुबह कार्यालय में बैठे कर्मचारी कुछ समझ पाते इससे पहले उन्हें सीट से उठा दिया गया। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित शुक्ल और महामंत्री संतोष सिंह को दी। वह कोर्ट पहुंचे और दबंगई कर रहे लोगों को पकड़ कर बाहर निकाला। दो टूक शब्दों में कहा कि अगर आप लोगों की आदत में परिवर्तन नहीं हुआ, तो जेल की हवा खाने को तैयार रहिए। महामंत्री संतोष सिंह ने अधिवक्ताओं से कहा है कि वह न्यायिक कार्य में व्यवधान उत्पन्न न करें। अदालतें अधिवक्ताओं और वादकारियों के हित में कार्य कर रहीं हैं। अगर किसी को कोई समस्या है, तो वह जूनियर बार एसोसिएशन के कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सीआरओ राकेश गुप्ता ने कर्मचारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताई है।