14वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को खिताबी भिड़ंत हुई। मुकाबले में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने हरियाणा क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हराकर रिजवी कप अपने नाम कर लिया।
एएच रिजवी कॉलेज करारी में खेले गए फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में नौ विकेट पर 212 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से मंयक शांडिल्य ने 77, रोहित कुमार ने 38, संधर्ब सूद ने 27, अंकित कुमार ने 25 रनों का योगदान किया। यूपीसीए की तरफ से शौर्य सिंह ने तीन, समीर चौधरी व नमन तिवारी ने दो-दो विकेट झटके।
जवाबी बल्लेबाजी करते हुए यूपीसीएम की टीम ने महज 36.2 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की तरफ से आदर्श सिंह ने 58, फहाद ने 37 नाबाद, आंजनेय सूर्यवंशी ने 36, समीर चौधरी ने 22 और सचिन सिंह ने 21 अविजित रन का योगदान किया।
हरियाणा क्रिकेट अकादमी के संधर्ब सूद ने दो, ओमकार नामदेव और मयंक शांडिल्य ने एक-एक विकेट हासिल किए। मैच के बाद फाइनल मैच के मुख्य अतिथि यूपीसीए के सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने विजेता टीम को ट्रॉफी व दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया। उपविजेता टीम को ट्रॉफी व एक लाख 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
शौर्य सिंह को मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया। मयंक शांडिल्य को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और जसमीत नैन को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।
इससे पूर्व कॉलेज प्रबंधक राशिद रिजवी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि यूपीसीए के निदेशक जावेद अख्तर और यूपीसीए के निदेशक व सचिव रियासत अली, प्रेम मनोहर गुप्ता यूपीसीए अंडर-19 क्रिकेट टीम के मुख्य कोच उबैद कमाल, यूपीसीए की मीडिका कमेंट्री के अध्यक्ष अहमद अली खान तालिब, फैशल अल्वी, बीसीसीआई पिच क्यूरेटर शिव यादव, अजीज खान, सैफुद्दीन मेंबर यूपीसीए आलोक श्रीवास्तव स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया।
मैच में अंकित तिवारी, ताहिर अब्बास ने अंपायरिंग और मो. कासिम व प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की। कॉमेंट्री अनवर सिद्दीकी ने की। आयोजन समिति के सचिव शैलेंद्र सिंह ने सभी का आभार जताया।