मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तरपुस्तिकाओं से मिलने वाली रकम इस बार परीक्षक नहीं हजम कर सकेंगे। उत्तरपुस्तिकाओं से मिली रकम उन्हें सरकारी खजाने में जमा करनी होगी। यदि नोटों से जेब गर्म करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सीसीटीवी कैमरे के बीच मूल्यांकन का कार्य किया जा रहा है।
जिले में हाईस्कूल व इंटर बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। चारों केंद्रों पर 643388 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। शहर के जीआईसी में 1 लाख 86 हजार 123, तिलक इंटर कालेज में 1 लाख 65 हजार, केपी इंटर कालेज में 1 लाख 20 हजार पीबी इंटर कालेज में 1 लाख 72 हजार 265 कापियों का मूल्यांकन होगा। आम तौर पर मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं से सौ-पांच सौ के नोट निकलते हैं।
अच्छे नंबर पाने के लिए परीक्षार्थी परीक्षकोें से अपनी-अपनी समस्याएं बताकर पासिंग मार्क्स व अच्छे नंबर देने की अपील करते हैं। इसके बदले वह उत्तरपुस्तिकाओं में सौ, दौ सौ, पांच सौ के नोट भी रखते हैं। मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों की नजर नोटों पर रहती हैं। नोट मिलने पर वह उसे अपनी जेब में रख लेते हैं। मगर इस बार परीक्षक उत्तरपुस्तिकाओं से मिलने वाली नोटों से अपनी जेब नहीं गर्म कर सकेंगे।
नोट मिलने पर उन्हें इसकी सूचना डिप्टी हेड को देनी होगी। साथ ही नोट भी जमा करना होगा। उत्तर पुस्तिकाओं से मिलने वाली धनराशि सरकारी खजाने में जमा कराई जाएगी।
इतना नहीं रुपये के बदले नंबर देने व रुपये न जमा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की नजर है। इस बारे में डीआईओएस सर्वदानंद ने सभी केंद्रों को निर्देशित किया है। मूल्यंाकन केंद्रों का निरीक्षण टीमों द्वारा किया जा रहा है।