Pratapgarh news : accident in Pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
लालगंज के जसमेढ़ा गांव के समीप शनिवार को संग्रामगढ़-धारूपुर मार्ग पर अनियंत्रित बाइक पीछे से पिकअप में जा घुसी। इससे बाइक उमाशंकर मौर्य (37) व उनके साले सुशील मौर्य (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज कोतवाली के लकुरी निवासी उमाशंकर मौर्य पुत्र रामलखन शनिवार को अपने साले महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय भिखना निवासी सुशील मौर्य पुत्र अमरनाथ के साथ बाइक से संग्रामगढ़ मोरंग खरीदने गए थे। लौटते समय लालगंज के जसमेढ़ा गांव के समीप अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों को मदद से दोनों को आननफानन में संग्रामगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस संग्रामगढ़ सीएचसी पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि हादसे की जानकारी पर दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।