प्रतापगढ़। शुक्रवार को गोयल रेजीडेंसी होटल में लगी आग में दस लोगों की मौत के बाद शनिवार की देर शाम स्कूल प्रबंधकों व व्यापारियों संग हुई बैठक में डीएम अमृत त्रिपाठी ने कई अहम निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विनियमित क्षेत्र से पास नक्शे के मुताबिक जिसका भी भवन नहीं होगा उसे नोटिस दिया जाएगा। दी गई मोहलत के अंदर भवन तोड़वाकर नक्शे के हिसाब से न बनाने वालों के खिलाफ वे कार्रवाई करेंगे।
देर शाम नगर के व्यापारियों और स्कूल प्रबंधकों की डीएम ने इमरजेंसी बैठक बुलाई। इस बैठक में शहर के सभी व्यापारी और स्कूल प्रबंधक शामिल हुए। अध्यक्षता कर रहे डीएम ने सभी को कई अहम निर्देश दिए। कहा कि सभी यह सुनिश्चित कर लें कि उनके प्रतिष्ठान का भवन विनियमित क्षेत्र से पास नक्शे के मुताबिक ही बना है। इस बात की वह जांच भी कराएंगे। रिपोर्ट में जिसका भवन नक्शे के मुताबिक नहीं होगा, उसे नोटिस दिया जाएगा। नोटिस में दी गई मोहलत के भीतर उसे अपने भवन को तोड़वाकर नक्शे के मुताबिक बनाना होगा।
ऐसा न करने पर वह उस प्रतिष्ठान व उसके संचालक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इतना ही नहीं, इन सभी प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र भी रखना उन्होंने अनिवार्य कर दिया है। कहा है कि केवल दिखावे या शोपीस में कोई भी अग्निशमन यंत्र नहीं रखा जाएगा। सभी की समय-समय पर वह जांच कराएंगे। जिस प्रतिष्ठान का यंत्र निष्क्रय पाया जाएगा उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा है कि प्रतिष्ठानों में लगे यंत्रों को चलाने का हुनर सभी कर्मचारियों व सुरक्षा कर्मियों को आना चाहिए।