बच्चों को घर छोड़ने जा रही निजी विद्यालय की बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। बस में सवार बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। घटना के बाद चालक भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल बच्चों को सीएचसी बेलखरनाथ धाम पहुंचाया। घटना के समय बस में कुल 30 बच्चे सवार थे। कंधई थाना क्षेत्र के जयसिंहगढ़ पुरुषोत्तमपुर स्थित राममूर्ति पब्लिक स्कूल में मंगलवार दोपहर छुट्टी होने के बाद बच्चों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए चालक बस लेकर निकला। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार अमहरा गोलाही के पास अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे वाहन से चालक का नियंत्रण खो गया। बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह देख राहगीर संग आसपास के ग्रामीण भागकर पहुंचे।
बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही देर में बच्चों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों ने हादसे में घायल चौपई निवासी देवी प्रसाद का सात वर्षीय पुत्र शंकर पटेल, गुड्डू मिश्रा का छह वर्षीय पुत्र अभी, धीरज कुमार का नौ वर्षीय पुत्र लक्ष्य त्रिपाठी, आरिफ, शाकिब ,कासिफ, कुलबीर, अंश, चाहत, राघव कुलदीप को बेलखरनाथ सीएचसी पहुंचाया। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अस्पताल पहुंचे सीओ पट्टी मनोज कुमार रघुवंशी ने बताया कि बस की स्टेयरिंग फेल होने के कारण हादसा हुआ। बस में सवार बच्चे मामूली रूप से घायल हुए थे। सभी की हालत स्थिर है।