Uncontrolled bolero crush four people to save bike rider, one dead
जेठवारा। कानूपुर बाजार में बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई बोलेरो ने सब्जी खरीद रहे चार लोगों को रौंद दिया। इससे एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीछा कर बोलेरो चालक को पकड़ लिया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के क़ानूपुर तिराहे पर लगे बाजार में शुक्रवार शाम को गांव निवासी जयराम पटेल (60), सराय महासिंह निवासी हरिप्रताप सिंह (36), उमरी बुजुर्ग निवासी विष्णु गौतम व चमरूपुर निवासी नरसिंह सब्जी खरीद रहे थे। इस बीच प्रतापगढ़-जेठवारा मार्ग पर प्रतापगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बोलेरो चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बोलेरो ने बाजार में सब्जी खरीद रहे चारों लोगों को रौंद दिया। सूचना पर पुलिस ने पीछा कर बोलेरो चालक को पकड़ लिया। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां जयराम पटेल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
लालगंज। ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लालगंज कोतवाली के बेलहा गंभीराबाद निवासी महेंद्र यादव उर्फ अनुज (25) बृहस्पतिवार की देर रात बाइक से अपने साथी शंकर गौतम के साथ घर जा रहा था। बेलहा नहर का पुरवा के समीप तेज रफ्तार टैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर दौड़े लोग उन्हें सीएचसी ले गए। यहां हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। शंकर गौतम का इलाज किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद
पुलिस ने पांच लोगों पर दर्ज किया गैंगस्टर का मुकदमा
लालगंज। कोतवाली पुलिस ने शीतलमऊ निवासी शिवाकांत सोनी, जेठवारा थाना के डेरवा बाजार के दीपक सरोज, अंतू थाना के बझान निवासी उदयराज सिंह व रघईपुर के आकाश सरोज एवं अवीनाश के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कोतवाल संजय यादव ने बताया कि आरोपी जेल में निरुद्ध हैं। इनकी आपराधिक गतिविधियों के आधार पर केस दर्ज कराया गया है। संवाद