रहस्यमयी पत्थ्ार दिख्ााता ग्रामीण्ा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फतनपुर थाना क्षेत्र के सांड कटिन्दरा गांव में गुरुवार की शाम आसमान से दो किलो का रहस्यमयी पत्थर गिरने से हड़कंप मच गया। खेत में बहुत तेज आवाज के साथ पत्थर गिरने के कारण तीन फिट का गड्ढा बन गया। कौतूहल के बीच ग्रामीणों ने खोदाई की तो काले रंग का पत्थर मिला। जिसे लोग उल्का पिंड होने का दावा कर रहे हैं। एसडीएम के आदेश पर पहुंचे नायब तहसीलदार व फतनपुर पुलिस ने पत्थर को कब्जे में ले लिया।
सांड कटिन्दरा गांव में गुरुवार की शाम आसमान से तेज आवाज के साथ एक गोल आकृति की रहस्यमयी वस्तु आती दिखी। लोग आसमान की ओर देखने लगे। तभी वह तीव्र आवाज के साथ गांव के खुर्शीद आलक के खेत में गिरा। जमीन से टकराने के दौरान उसकी आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में भी सनसनी फैल गई। आसपास खेत में काम कर रहे लोग अनहोनी की आशंका में भागने लगे। कुछ देर बाद साहस कर ग्रामीण उस स्थान पर एकत्र हुए। जहां तेज आवाज के साथ रहस्यमयी पत्थर गिरा था। लोगों ने देखा तो खेत में तीन फिट का गड्ढा बन गया था।
करीब एक फिट से अधिक की चौड़ाई भी थी। लोगों ने हिम्मत कर गिरे पत्थर को खोजना शुरू कर दिया। थोड़ी सी खोदाई करने के बाद लोगों के हाथ एक काले रंग का पत्थर लगा। आसमान से रहस्यमयी पत्थर गिरने की खबर मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग जमा हो गए। मामले की जानकारी पुलिस के साथ ही राजस्व विभाग को भी दी गई। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व फतनपुर पुलिस की मौजूदगी में लोग पत्थर को उल्का पिंड बताने लगे। पुलिस और राजस्व विभाग उसे उल्का पिंड मान बैठे। जिसे पुलिस कब्जे में लेकर थाने चली आई। इसे लेकर पूरे फतनपुर इलाके में खासी चर्चा है। एसडीएम रानीगंज ने कहा कि अासमान से गिरे रहस्यमय पत्थ्ार के उल्का पिंड हाेने की पूरी संभ्ाावना है।