कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
प्रतापगढ़। इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल आए दो मरीजों को कोरोना का संदिग्ध मरीज मानकर जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में क्वारंटीन किया गया था। मौका पाते ही दोनों मरीज भाग निकले।
जेठवारा थाना क्षेत्र की एक महिला और लालगंज थाना क्षेत्र के युवक के सीने में दर्द की शिकायत थी। सांस लेने में दोनों को दिक्कत हो रही थी। दोनों गुरुवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में इलाज कराने आए थे। यहां चिकित्सकों ने कोरोना का संदिग्ध बताकर दोनों को मेडिकल वार्ड में क्वारंटीन किया गया। रात में मौका पाते ही दोनों मरीज भाग निकले। स्वास्थ्य विभाग के अफसर और कर्मचारी इसके बाद भी सोते रहे।
दोपहर में सीएमओ ने इसकी जानकारी कोतवाल को दी। कोतवाल ने दोनों मरीजों से संपर्क साधा। कोतवाल ने बताया कि दोनों मरीजों को कहा गया था कि वे ठीक हो जाएंगे तो घर जा सकते हैं। इस लिए वे घर चले गए हैं। सुबह जांच के लिए बुलाया गया था, मगर लॉकडाउन के चलते वे अस्पताल नहीं पहुंच पाए। हालाकि फोन पर बात हुई है। दोनों अस्पताल आ रहे हैं। इस मामले में सीएमओ से बात करने का प्रयास किया गया मगर उनका फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहा था।